रांची : झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUJ) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को एक और अवसर दिया गया है। विश्वविद्यालय खाली सीटों पर प्रवेश के लिए विशेष राउंड सह मॉप-अप काउंसलिंग आयोजित कर रहा है। इसके तहत 13 से 19 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं।
इस प्रक्रिया का उद्देश्य उन सीटों पर योग्य अभ्यर्थियों को दाखिले का मौका देना है, जिनके लिए प्रतीक्षा सूची में उम्मीदवार उपलब्ध नहीं हैं। अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के अभ्यर्थियों के लिए विशेष राउंड, जबकि अन्य श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा।
22 अक्टूबर को जारी होगी पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की सूची 22 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक दस्तावेजों का सत्यापन होगा।
चयनित अभ्यर्थियों को 23 अक्टूबर को ही ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
12वीं के अंकों के आधार पर बनेगी मेरिट लिस्ट
इस प्रवेश प्रक्रिया में मेरिट सूची 12वीं या समकक्ष परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। CUET (UG)-2026 में शामिल अभ्यर्थी भी संबंधित पाठ्यक्रम की पात्रता शर्तें पूरी करने पर आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, पहले से किसी पाठ्यक्रम में दाखिला ले चुके विद्यार्थी इस प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे। विश्वविद्यालय ने सुपरन्यूमेरेरी सीटों पर भी इस प्रक्रिया के तहत प्रवेश का प्रावधान नहीं रखा है।
श्रेणी के अनुसार देना होगा काउंसलिंग शुल्क
ऑनलाइन आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को श्रेणी के अनुसार पंजीकरण सह काउंसलिंग शुल्क जमा करना होगा।
- सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस: 250 रुपये
- एससी-एसटी: 150 रुपये
- दिव्यांग अभ्यर्थी और सभी श्रेणियों की महिला उम्मीदवार: 100 रुपये
यह शुल्क गैर-वापसी योग्य है। दस्तावेज सत्यापन के समय अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्रों की मूल प्रति और छायाप्रति साथ लानी होगी। आरक्षण का लाभ लेने वाले उम्मीदवारों को भारत सरकार के निर्धारित प्रारूप में जारी वैध जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा।
पाठ्यक्रमवार पात्रता, खाली सीटों और आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।




