रांची : बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने लोकल बैंक ऑफिसर (LBO) के 2400 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। बैंक ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
20 राज्यों में होगी नियुक्ति
इस भर्ती अभियान के तहत देश के लगभग 20 राज्यों में बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखाओं के लिए लोकल बैंक ऑफिसर नियुक्त किए जाएंगे। उम्मीदवारों के लिए उस राज्य की स्थानीय भाषा का ज्ञान अनिवार्य होगा, जहां से वे आवेदन करेंगे।लोकल बैंक ऑफिसर पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना आवश्यक है। इसके अलावा किसी शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंक में कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव भी जरूरी है। उम्मीदवारों की आयु 21 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में 3 से 10 वर्ष तक की छूट मिलेगी। आयु और शैक्षणिक योग्यता की गणना 1 अगस्त 2026 को आधार मानकर की जाएगी।
आकर्षक वेतन और सुविधाएं
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति JMG/S-I स्केल में होगी। उन्हें 48,480 रुपये से लेकर 85,920 रुपये तक का वेतन मिलेगा। इसके अलावा बैंक के नियमानुसार विभिन्न भत्ते और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। नियुक्ति के बाद उम्मीदवारों को 12 माह की प्रोबेशन अवधि पूरी करनी होगी।
ऐसी होगी चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी। सबसे पहले ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें इंग्लिश लैंग्वेज, बैंकिंग नॉलेज, जनरल/इकोनॉमिक अवेयरनेस, रीजनिंग एबिलिटी और क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में कुल 120 प्रश्न होंगे, जिनके लिए 120 अंक निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा पूरी करने के लिए 120 मिनट का समय मिलेगा। इंग्लिश लैंग्वेज को छोड़कर अन्य सभी प्रश्न हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होंगे। परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को लोकल लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट (LPT) देना होगा। हालांकि, जिन उम्मीदवारों ने 10वीं या 12वीं कक्षा में संबंधित स्थानीय भाषा का अध्ययन किया है और इसका प्रमाण उपलब्ध है, उन्हें LPT से छूट मिल सकती है। इसके बाद ग्रुप डिस्कशन, पर्सनल इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया होगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 850 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक और महिला उम्मीदवारों को 175 रुपये शुल्क देना होगा। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को रिज्यूम, 10वीं की मार्कशीट, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, कार्य अनुभव प्रमाणपत्र तथा आवश्यकता अनुसार जाति और दिव्यांगता प्रमाणपत्र पीडीएफ प्रारूप में अपलोड करने होंगे। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना में पदवार विवरण, राज्यवार रिक्तियां, स्थानीय भाषा की शर्तें और आवेदन की अंतिम तिथि अवश्य जांच लेने की सलाह दी गई है।




