रांची : झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड (JCECEB) ने MBBS और BDS में दाखिले के लिए प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 29 अक्टूबर 2026 तक अपना सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर सकते हैं। पहले इसकी अंतिम तारीख 26 अक्टूबर निर्धारित की गई थी।
यह बदलाव ऑल इंडिया सीटों पर दाखिले के लिए आयोजित स्पेशल राउंड ऑनलाइन काउंसलिंग के तहत किया गया है। यह सुविधा झारखंड के चार मेडिकल कॉलेजों में MBBS और एक डेंटल कॉलेज में BDS की सीटों के लिए लागू होगी।
इन मेडिकल कॉलेजों में MBBS की सीटों के लिए लागू है बदलाव
JCECEB की ओर से जारी सूचना के अनुसार, MBBS में दाखिले के लिए निम्नलिखित कॉलेजों की सीटों पर यह बदलाव लागू होगा:
- लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, पलामू
- नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, सरायकेला-खरसावां
- सिदो कान्हू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, दुमका
- बिरसा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च, खूंटी
वहीं, BDS में दाखिले के लिए वनांचल डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, गढ़वा की सीटों के लिए भी सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड करने की तारीख बढ़ाई गई है।
आधिकारिक वेबसाइट पर देखें पूरी जानकारी
काउंसलिंग से संबंधित जारी सूचना में स्पष्ट किया गया है कि अन्य शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अभ्यर्थी JCECEB की आधिकारिक वेबसाइट jceceb.jharkhand.gov.in पर जाकर Important Notice सेक्शन में विस्तृत जानकारी देख सकते हैं।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे 29 अक्टूबर 2026 की अंतिम तारीख से पहले अपना प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर लें, ताकि दाखिले की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।




