Hot News :

शारदा ग्लोबल नर्सिंग कॉलेज का उद्घाटन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सेवा भावना पर जोर

शारदा ग्लोबल नर्सिंग कॉलेज का उद्घाटन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सेवा भावना पर जोर

रांची : बुकरू स्थित शारदा ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के नवनिर्मित नर्सिंग कॉलेज का बुधवार को गरिमामय समारोह में उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मंगलाचरण के साथ हुई। संस्थान ने ‘सेवा परमो धर्म:’ के उद्देश्य के साथ चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और समाज के प्रति अपनी नई पहल की शुरुआत की।

उद्घाटन समारोह में रांची विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर श्रीमती सरोज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। जेएनआरसी की रजिस्ट्रार श्रीमती प्रतिमा लाकरा गेस्ट ऑफ ऑनर और नॉर्थ छोटानागपुर डिवीजन के आईएएस कमिश्नर विजय गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में संस्थान के चेयरमैन संजय शारदा, डायरेक्टर दीपक बंका एवं अनुज रंजन, डायरेक्टर एकेडेमिक्स डॉ. रंजना स्वरूप, श्रीमती जसमीत कौर, श्रीमती दीपा बंका और शुभेच्छु आदित्य स्वरूप के अलावा अभिभावक, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

शिक्षा के साथ सेवा भावना विकसित करना जरूरी

मुख्य अतिथि सरोज शर्मा ने संस्थान के प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि नर्सिंग शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना नहीं होना चाहिए। छात्रों में सेवा भावना, मानवीय संवेदनशीलता और व्यावसायिक दक्षता का विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक अच्छे नर्सिंग संस्थान की जिम्मेदारी कुशल स्वास्थ्यकर्मी तैयार करने के साथ-साथ ऐसे संवेदनशील व्यक्तित्व विकसित करना भी है, जो समाज और मरीजों की सेवा के लिए समर्पित रहें।

थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल और क्लिनिकल ट्रेनिंग पर जोर

संस्थान के डायरेक्टर दीपक बंका ने कहा कि यह उद्घाटन किसी यात्रा का समापन नहीं, बल्कि एक नई यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ-साथ प्रैक्टिकल और क्लिनिकल एक्सपोजर उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को बेहतर प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव देने के लिए संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जाएगा।

गुणवत्ता और अनुशासन के लिए पहचान बनाने का लक्ष्य

डायरेक्टर एकेडेमिक्स डॉ. रंजना स्वरूप ने नर्सिंग को करियर के रूप में चुनने वाले विद्यार्थियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान का लक्ष्य शारदा ग्लोबल नर्सिंग कॉलेज को गुणवत्ता, अनुशासन, सेवा भावना और उत्कृष्ट क्लिनिकल ट्रेनिंग के लिए पहचान दिलाना है। उन्होंने बताया कि कॉलेज को प्रथम वर्ष में ही जेएनआरसी और आईएनसी की मान्यता प्राप्त हुई है। साथ ही 60 में 60 सीटों की मान्यता मिलना भी संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

अतिथियों ने संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने संस्थान की नई पहल की सराहना की और इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि बेहतर नर्सिंग शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नई जिम्मेदारियों के लिए तैयार किया जा सकता है।समारोह के अंत में डॉ. रंजना स्वरूप ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और शारदा ग्लोबल परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook