रांची : कानून की पढ़ाई कर वकील, जज या कानूनी सलाहकार बनने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को ऑफलाइन मोड में आयोजित होगी।
CLAT के माध्यम से देश के राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों (NLU) में पांच वर्षीय स्नातक कानून पाठ्यक्रम और एक वर्षीय एलएलएम पाठ्यक्रम में प्रवेश मिलता है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक पेन-पेपर मोड में होगी।
12वीं के विद्यार्थी भी कर सकते हैं आवेदन
CLAT 2027 के स्नातक पाठ्यक्रम के लिए 12वीं पास विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 12वीं में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। वहीं, एससी, एसटी और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। साल 2027 में 12वीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं। स्नातक कानून और एलएलएम पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अधिकतम आयु सीमा नहीं है।
CLAT 2027 के लिए ऐसे करें आवेदन
अभ्यर्थियों को CLAT की आधिकारिक वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरनी होगी, जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। फॉर्म भरने से पहले पात्रता और आवेदन से जुड़े सभी निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
झारखंड के विद्यार्थियों के लिए रांची में भी विकल्प
झारखंड में कानून की पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए रांची स्थित नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (NUSRL) एक प्रमुख विकल्प है। यहां पांच वर्षीय बीए एलएलबी (ऑनर्स), बीबीए एलएलबी (ऑनर्स) और एक वर्षीय एलएलएम पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। विद्यार्थियों को इन पाठ्यक्रमों के दौरान मूट कोर्ट, कानूनी शोध और अन्य व्यावहारिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलता है। इच्छुक अभ्यर्थी CLAT की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।




