रांची: झारखंड में सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के माध्यम से कुल 23,610 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। इसकी जानकारी गुरुवार को झारखंड विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा प्रस्तुत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) में दी गई।
रिपोर्ट के अनुसार, यह जानकारी बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार की घोषणाओं पर विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई के आधार पर सदन में रखी गई है।
JPSC के माध्यम से 1,645 पदों पर होगी नियुक्ति
कार्मिक विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक वर्ष 2020 से अब तक JPSC के माध्यम से 3,377 पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इसके अलावा 798 पदों के लिए विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं, जबकि 847 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। इस प्रकार JPSC के जरिए कुल 1,645 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
JSSC के जरिए 21,965 पदों पर भर्ती
वहीं JSSC के माध्यम से वर्ष 2019 से अब तक 39,687 पदों पर नियुक्तियां पूरी की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त 20,206 पदों के लिए विज्ञापन प्रकाशित किए जा चुके हैं, जबकि 1,759 पदों के लिए विज्ञापन जारी करने की तैयारी की जा रही है। इस तरह JSSC के माध्यम से कुल 21,965 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया संचालित हो रही है।
युवाओं को मिल सकती है बड़ी राहत
राज्य में भर्ती परीक्षाओं और नियुक्तियों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच विधानसभा में पेश यह आंकड़ा युवाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विज्ञापन और परीक्षाएं समय पर आयोजित होती हैं, तो आने वाले महीनों में हजारों अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिल सकता है। सरकार का दावा है कि विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है, ताकि प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।




