Hot News :

ब्राजील में होने वाली अंडर-17 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए झारखंड की दो बेटियां चयनित

ब्राजील में होने वाली अंडर-17 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए झारखंड की दो बेटियां चयनित

रांची : झारखंड की दो युवा एथलीट पृथ्वी उरांव और अनोखी कुमारी का चयन ब्राजील में होने वाली अंडर-17 विश्व विद्यालयीन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी 3 से 8 दिसंबर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भारतीय दल का हिस्सा बनेंगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में पृथ्वी लंबी कूद और अनोखी 400 मीटर बाधा दौड़ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

किसान परिवारों से आती हैं दोनों खिलाड़ी

पृथ्वी उरांव और अनोखी कुमारी दोनों किसान परिवारों से ताल्लुक रखती हैं। फिलहाल दोनों हजारीबाग की आवासीय व्यवस्था में रहकर प्रशिक्षण ले रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है और अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। प्रतियोगिता से पहले दोनों खिलाड़ी अपनी फिटनेस, तकनीक और प्रदर्शन को बेहतर करने के लिए गोवा में ढाई महीने के विशेष प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगी।

लंबी कूद और 400 मीटर बाधा दौड़ में उतरेंगी

पृथ्वी उरांव लंबी कूद स्पर्धा में हिस्सा लेंगी, जबकि अनोखी कुमारी 400 मीटर बाधा दौड़ में चुनौती पेश करेंगी। दोनों के प्रशिक्षण में कोच नीरज रॉय और अनुकंपा रूंडा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी पहलुओं के साथ फिटनेस पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

खेल जगत में खुशी का माहौल

दोनों खिलाड़ियों के चयन से झारखंड के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। खेल प्रशासक और समाजसेवी हर्ष अजमेरा ने पृथ्वी और अनोखी को सम्मानित किया। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों की आगे की तैयारियों में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

झारखंड की इन दोनों बेटियों का चयन राज्य में उभर रही एथलेटिक्स प्रतिभाओं के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। दिसंबर में ब्राजील में होने वाली प्रतियोगिता में अब दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी चुनौती पेश करेंगी।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook