रांची : 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड महिला हॉकी टीम के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुक्रवार को मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खुला चयन ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंची 52 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के आधार पर 30 खिलाड़ियों का अगले चरण के लिए चयन किया गया है।
ट्रायल में सिमडेगा, खूंटी, रांची और गुमला समेत कई जिलों की खिलाड़ियों के साथ रेलवे और अन्य संस्थानों से जुड़ी महिला हॉकी खिलाड़ियों ने भी भाग लिया।
खेल कौशल और फिटनेस का हुआ आकलन
चयनकर्ताओं ने ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीक, खेल कौशल, प्रदर्शन और मैदान पर निर्णय लेने की क्षमता का बारीकी से मूल्यांकन किया। कई घंटे चले ट्रायल के बाद खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 30 नामों का चयन किया गया।
अब चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेना होगा।
30 खिलाड़ियों में से 18 का होगा अंतिम चयन
चयनित 30 खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। इस दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस और प्रदर्शन के साथ टीम संयोजन पर भी ध्यान दिया जाएगा। शिविर के बाद अंतिम रूप से 18 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। यही टीम सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी।
हॉकी झारखंड के पदाधिकारी रहे मौजूद
चयन ट्रायल के दौरान झारखंड की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति, हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, कोषाध्यक्ष असृता लकड़ा, संयुक्त सचिव दुलारी टोपनो, महानिदेशक विजय शंकर सिंह समेत अन्य पदाधिकारी और तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे।




