रांची : राजधानी रांची में 4 दिसंबर से राज्य के पहलवानों का दमखम देखने को मिलेगा। मोरहाबादी में 27वीं सीनियर झारखंड राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जाएगा। चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 7 दिसंबर तक चलेगी। इसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से सैकड़ों पहलवान हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
इस प्रतियोगिता का आयोजन रांची जिला कुश्ती संघ और झारखंड राज्य कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें झारखंड सरकार के खेल विभाग का भी सहयोग रहेगा। प्रतियोगिता के दौरान पुरुष फ्रीस्टाइल, पुरुष ग्रीको रोमन और महिला कुश्ती के मुकाबले अलग-अलग भार वर्गों में आयोजित किए जाएंगे।
तीन श्रेणियों में 30 भार वर्गों में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में पुरुष फ्रीस्टाइल के तहत 57, 61, 65, 70, 74, 78, 86, 92, 97 और 125 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले होंगे। वहीं, पुरुष ग्रीको रोमन में 55, 60, 63, 67, 72, 77, 82, 87, 97 और 130 किलोग्राम भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं।
महिला पहलवानों के लिए 50, 53, 55, 57, 59, 62, 65, 68, 72 और 76 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इस तरह तीनों श्रेणियों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और तैयारी का प्रदर्शन करेंगे।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए होगा टीम का चयन
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए काफी अहम मानी जा रही है। यहां प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश के बनारस में 21 से 23 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए झारखंड की टीम चुनी जाएगी। ऐसे में पहलवानों के सामने राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाने की चुनौती होगी।
28 नवंबर तक जमा करनी होगी जिला टीम की प्रविष्टि
झारखंड राज्य कुश्ती संघ ने सभी जिला कुश्ती संघों को अपने-अपने जिले में पहले जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्देश दिया है। इसके बाद चयनित जिला टीम की प्रविष्टि और प्रतियोगिता से संबंधित समाचार पत्र की कटिंग 28 नवंबर 2026 तक राज्य कुश्ती संघ को भेजनी होगी। इसके आधार पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिलों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।




