रांची : झारखंड शिक्षा परियोजना की ओर से आयोजित खेलो झारखंड 2026-27 के तहत खो-खो और कबड्डी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 6 और 7 अक्टूबर को खेलगांव में होगी। प्रतियोगिता में राज्य के सभी 24 जिलों के अंडर-17 बालक और बालिका वर्ग के कुल 1,152 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इनमें कबड्डी के 576 और खो-खो के 576 खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता का आयोजन खेलगांव स्थित अल्बर्ट एक्का स्टेडियम और हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा।
सभी जिलों के खिलाड़ियों की रिपोर्टिंग पूरी
प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए सभी जिलों से आए खिलाड़ियों की रिपोर्टिंग सोमवार शाम तक खेलगांव में पूरी हो गई। खिलाड़ियों के रहने, खाने और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था खेलगांव में की गई है। आयोजन समिति की ओर से प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कोच-मैनेजरों के साथ हुई बैठक
प्रतियोगिता के सुचारु संचालन को लेकर सोमवार शाम हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में सभी जिलों से पहुंचे कोच-मैनेजर, आयोजन समिति के सदस्य और संबंधित खेल संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने की। बैठक में खिलाड़ियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, भोजन, समयबद्धता और अनुशासन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। आयोजन सचिव ने कोच और मैनेजरों से खिलाड़ियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की।
स्कूली प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर
धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि खेलो झारखंड विद्यालयी स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का महत्वपूर्ण मंच है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना आयोजन समिति की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने और खेल भावना व अनुशासन के साथ प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की।




