Hot News :

झारखंड के 5 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एसोसिएट प्रोफेसर के 65 पदों पर भर्ती, 21 सितंबर को वॉक-इन इंटरव्यू

झारखंड के 5 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एसोसिएट प्रोफेसर के 65 पदों पर भर्ती, 21 सितंबर को वॉक-इन इंटरव्यू

रांची : झारखंड के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए एसोसिएट प्रोफेसर के 65 पदों पर संविदा नियुक्ति की जाएगी। इनमें 53 सामान्य और 12 बैकलॉग रिक्तियां शामिल हैं। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने दोनों श्रेणियों के पदों के लिए विज्ञापन जारी किया है।

इन पदों पर चयन के लिए 21 सितंबर 2026 को रिम्स रांची के प्रशासनिक भवन में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 2 लाख रुपये का फिक्स्ड मानदेय दिया जाएगा।

पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में होगी नियुक्ति

भर्ती के लिए जिन संस्थानों को शामिल किया गया है, उनमें एसएनएमएमसीएच धनबाद, एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर, फूलो झानो मेडिकल कॉलेज दुमका, मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज पलामू और शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हजारीबाग शामिल हैं। 53 सामान्य रिक्तियों में एसटी के 9, एससी के 4, पिछड़ा वर्ग के 4 और ईडब्ल्यूएस का 1 पद है। शेष 35 पद सामान्य श्रेणी के बताए गए हैं। वहीं, 12 बैकलॉग पदों में एसटी के 3, एससी के 4, पिछड़ा-I के 4 और पिछड़ा-II का 1 पद शामिल है।

मेडिसिन में सबसे अधिक 9 पद

विषयवार देखें तो सामान्य श्रेणी के 53 पदों में सबसे ज्यादा 9 पद मेडिसिन के हैं। रेडियोलॉजी में 6, रेडियोथेरेपी में 5 तथा एनाटॉमी, नेत्र रोग और एनेस्थीसिया में 4-4 पद निर्धारित हैं। पैथोलॉजी, सर्जरी और त्वचा रोग में 3-3 पद हैं। फिजियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, ईएनटी तथा फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन में 2-2 रिक्तियां हैं। बायोकेमिस्ट्री, पीडियाट्रिक्स, प्रसूति एवं स्त्री रोग तथा टीबी एंड चेस्ट में 1-1 पद हैं। बैकलॉग रिक्तियों में माइक्रोबायोलॉजी और फार्माकोलॉजी के 1-1, कम्युनिटी मेडिसिन के 2, नेत्र रोग के 1, एनेस्थीसिया के 3, मनोचिकित्सा के 2 और डेंटिस्ट्री के 2 पद शामिल हैं।

अधिकतम दो साल की संविदा नियुक्ति

चयनित एसोसिएट प्रोफेसरों को हर माह 2 लाख रुपये फिक्स्ड मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा कोई अलग भत्ता या अन्य सुविधा देय नहीं होगी। नियुक्ति अधिकतम दो साल के लिए होगी। नियमित नियुक्ति या पदोन्नति होने की स्थिति में संविदा अवधि इससे पहले भी समाप्त की जा सकती है। संतोषजनक कार्य और वित्त विभाग की मंजूरी मिलने पर सेवा अवधि को एक-एक वर्ष के लिए आगे बढ़ाया जा सकता है।

70 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन

इन पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों के पास संबंधित विषय में एमसीआई/एनएमसी के नियमों के अनुसार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और आवश्यक अनुभव होना चाहिए। चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा।

वॉक-इन इंटरव्यू 21 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे रिम्स रांची के प्रशासनिक भवन में आयोजित होगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन फॉर्म के साथ उपस्थित होना होगा। इसके अलावा मूल प्रमाणपत्र, शैक्षणिक एवं अनुभव प्रमाणपत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां, जाति प्रमाणपत्र और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। विभाग ने विज्ञापन में आवश्यकता के अनुसार रिक्तियों की संख्या में बदलाव की संभावना भी रखी है।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook